22जेएनडी01: विजेता खिलाड़ी धीरज मलिक कांस्य पदक दिखाते हुए। स्रोत : परिजन
जींद। उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित सीनियर नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर गांव निडाना के पहलवान धीरज मलिक ने क्षेत्र का नाम रोशन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने धीरज का फूल-माल पहनाकर स्वागत किया।
10 से 12 मई तक आयोजित प्रतियोगिता में धीरज मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पहले धीरज ने इसी वर्ष ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में 77 किलोग्राम ग्रीको रोमन कुश्ती वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
धीरज के पिता कृष्ण कुमार मलिक असम राइफल में कार्यरत हैं और वर्तमान में मणिपुर में तैनात हैं। धीरज मलिक पिछले चार-पांच वर्षों से कोच के मार्गदर्शन में लगातार कठिन अभ्यास कर रहे हैं। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढिगाना के छात्र रह चुके हैं और स्कूली स्तर पर भी दो बार नेशनल प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं।
स्कूल के डीपी जोगिंद्र नेहरा ने बताया कि धीरज बेहद सरल स्वभाव, मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी है। जिन्होंने कम समय में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि धीरज भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर डीपी जोगिंद्र नेहरा, जगबीर मलिक, सरपंच अजमेर मलिक खलीफा, कप्तान मलिक मौजूद रहे।