मंडी में 1509 धान की बोली लगाते व्यापारी।
- फोटो : Jind
मौसम खुलने के बाद बुधवार को जींद की अनाजमंडी में पिछले कई दिनों की अपेक्षा तीन गुणा ज्यादा धान आई। जिसके चलते मंडी में सुबह ही धान की बोली शुरू कर दी थी। मंडी में आई पीआर व 1509 की वैरायटी में नमी की मात्रा के चलते किसानों की धान को आढ़तियों ने जांच कर फैलाया।
बुधवार को धान की 1509 वैरायटी तीन हजार रुपये तक बिकी, हालांकि मशीन से कटवाई गई धान की बोली 2700 से 2800 तक रही, जबकि हाथ से कटवाई गई धान तीन हजार रुपये तक बिकी। आढ़तियों ने कहा कि मशीन के द्वारा कटवाई गई पीआर व 1509 वैरायटी में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से ज्यादा होने के कारण मंडियों में फैलाई जा रही है। इसके अलावा जिस धान में नमी की मात्रा 17 या इससे कम है। उसको साथ के साथ बेचकर वापस किसान जा रहे हैं।
डीसी नरेश नरवाल ने बताया कि अलेवा की अनाज मंडी में अब तक 3241, धमतान में 9375, धनौरी में 1435, गढ़ी में 3862, जींद में 1528, जुलाना में 1012, खरल में 2778, नरवाना में 18293, पिल्लूखेड़ा में 5333, सफीदों में 9273, उचाना में 4630, मंगलपुर में 1547 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 8985 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 28279 मीट्रिक टन, एफसीआई द्वारा 10830 मीट्रिक टन तथा हरियाणा वेयर हाउस कॉर्पोरेशन द्वारा 14733 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है।