जींद। पटियाला चौक स्थित जागरण ग्रांउड पर शहीदे आजम युवा क्लब के 40वें मां भवगती जागरण में चलो बुलावा आया है भजनों पर श्रद्धालु झूमे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ''''बेटी बचाने का करो इरादा, अभी से दो हमें यह वादा'''' रहा जिसे लेकर हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सामूहिक शपथ ली।
जागरण की शुरुआत डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने मां भगवती की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित करके की। इस अवसर पर उनके साथ राजन चिल्लाना उपस्थित रहे। डॉ. मिड्ढा ने श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया कि वे बेटियों को उच्च शिक्षा दिलवाएंगे और समाज में बेटा-बेटी के बीच के भेदभाव को पूरी तरह समाप्त करेंगे।
डिप्टी स्पीकर ने एक कहानी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव को समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे एक कुम्हार के मिट्टी से चिलम की जगह सुराही बनाने के निर्णय ने मिट्टी का भाग्य बदल दिया। उन्होंने कहा चिलम बनती तो खुद भी जलती और दूसरों को भी जलाती लेकिन सुराही खुद रहकर दूसरों को भी शीतलता देती है।
उन्होंने युवाओं से नशे की लत छोड़कर समाज में शीतलता और सकारात्मकता फैलाने का आह्वान किया। जागरण में पहुंचे कलाकारों ने अपनी भेंटों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। हेमंत बृजवासी और नरेश भजनी ने शानदार प्रस्तुति दी।
क्लब के प्रधान गुलशन सलूजा, कोषाध्यक्ष अमित सिंधवानी और नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि आज हम जागरूक नहीं हुए तो आने वाले समय में सृष्टि से कन्या का वर्चस्व समाप्त हो जाएगा।
जागरण के समापन पर श्रद्धालुओं में हलवा और छोले का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कपिल सिंधवानी, श्याम, दिनेश, विवेक, राजेश, सोनू तनेजा, प्रवीण और क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
29जेएनडी06: जागरण ग्राऊंड पर सजा मां का दरबार। संवाद