फोटो 2 नरवाना। मुकेश गोयल को सम्मानित करते हुए। स्रोत संस्था।
नरवाना। अग्रोहा धाम में आयोजित वार्षिक मेले में शामिल होने के लिए नरवाना से प्रधान रोहताश सिंगला के नेतृत्व में श्रद्धालु आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच बसों से रवाना हुए। हुडा मार्केट में समाजसेवी मुकेश गोयल ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
प्रधान रोहताश सिंगला ने बताया कि अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा पर विशाल वार्षिक मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें कुलदेवी मां महालक्ष्मी की महाआरती और महाराज अग्रसेन को छप्पन भोग लगाया जाता है। प्रदेश प्रचार मंत्री राजेंद्र गुप्ता अमरगढ़ वाला ने बताया कि मेले में उद्योगपति और मंत्री सहित अनेक श्रद्धालु पहुंचकर आशीर्वाद लेते हैं।
कार्यक्रम में भजन गायिका अंजली द्विवेदी, मासूम शर्मा सहित अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। वरिष्ठ सदस्य कैलाश सिंगला ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है। महासचिव दीपक सिंगला ने बसों में बैठने और यात्रा की व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर कृष्ण गर्ग, अर्जुन गोयल, सतीश गर्ग मौजूद रहे।