जींद। श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को जयंती देवी मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी नवीन कुमार शास्त्री ने श्रद्धालुओं से पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मंदिर पुजारी नवीन कुमार शास्त्री ने बताया कि पूरे श्रावण माह में प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे भगवान शिव का रुद्राभिषेक और विशेष पूजा होगी। सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सोमवार से मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विशेष शिविर शुरू किया जाएगा। इसमें कांवड़ियों के ठहरने, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस महीने श्रद्धालु उपवास, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
इस अवसर पर रजनीश आहूजा, विशाल कामरा, नितिन बंसल, राधेश्याम जिंदल, संतराम शर्मा, गंगादत्त, परवीन कुमार, ओमप्रकाश, इंद्रजीत कालरा, जयपाल वर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।