जींद। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर वैष्णों देवी जाने वाली ट्रेनों में श्रद्धालुओं को सीट नहीं मिल पा रही है। श्रद्धालुओं ने अब बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। फिलहाल जींद डिपो की बस रोजाना जम्मू कटरा के लिए आवागमन कर रही है।
जम्मू कटरा के लिए बस सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर चलती है जो नरवाना, संगरूर और लुधियाना होते हुए करीब 13 घंटे में शाम सात बजे कटरा पहुंचती है। जींद से कटरा की दूरी लगभग 575 किलोमीटर है। रोडवेज बस से कटरा जाने के लिए 750 रुपये किराया लगता है।
यह बस कटरा में रात्रि ठहराव कर अगले दिन सुबह पांच बजे वाया पानीपत होकर दिल्ली के लिए वापसी करती है। बस पिछले साल जनवरी में शुरू की थी।
ट्रेन में सीट नहीं
नवरात्र के चलते जींद से जम्मू-कटरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। ट्रेन नंबर 16031 अंडमान एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 19803 कोटा- श्री माता वैष्णो देवी धाम एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 16317 हिमसागर एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 16787 तिरुनेलवेली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में यात्रियों को स्लीपर कोच के साथ-साथ थ्री एसी में भी सीट नहीं मिल पा रही हैं। पहले जहां जींद से जम्मू कटरा जाने वाले यात्रियों की संख्या 10 से 15 रहती थी अब उनकी संख्या 30 से 35 हो गई है।
नवरात्रों पर वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों की संख्या हर बार ज्यादा होती है। ऐसे में जींद से कटरा जाने वाली बस में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
- राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, जींद