मेन बाजार में जाम के कारण फंसे वाहन।
- फोटो : Jind
कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में राहत देते हुए प्रशासन ने बाजार खुलने का नियम बनाया है कि एक दिन में एक तरफ की ही दुकान खुलेंगी। इसके बावजूद बाजार में भीड़ बढ़ रही है। शहर थाना के पास शनिवार को जाम की स्थिति बन गई। ऐसे में प्रशासन ने पुरानी कचहरी व शिव चौक पर अवरोध लगाकर बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
दरअसल एक तरफ का बाजार खुलने के बावजूद दुकानदारों के वाहन व ग्राहकों के वाहन काफी संख्या में बाजार तक पहुंच रहे हैं। वहीं दुकानों के आगे तक सामान रखा जा रहा है। इसके चलते शनिवार दोपहर को बाजार में जाम की स्थिति बन गई। काफी देर तक वाहन फंसे रहे और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसकी भनक लगते ही प्रशासन ने बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। जिस समय बाजार में जाम की स्थिति बनी हुई थी, तभी एसडीएम सत्यवान मान व डीएसपी धर्मवीर सिंह भी यहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को आदेश देकर बाजार में प्रवेश करने वाले दोनों मुख्य रास्तों पुरानी कचहरी व शिव चौक पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए। यहां पुलिसकर्मी वाहनों को बाजार में जाने से रोकेंगे।
शारीरिक दूरी हो रही प्रभावित
बाजार में वाहनों की भीड़ होने से शारीरिक दूरी का नियम भी टूट रहा है। इसके चलते प्रशासन ने व्यवस्था की है कि बाजार में वाहन नहीं जाएंगे। हालांकि पुरानी कचहरी से वाहन रोकने के बावजूद पालिका बाजार के रास्ते काफी वाहन बाजार में प्रवेश करते रहे।