संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार सोने के रेटों में दस हजार रुपये प्रति दस ग्राम का इजाफा हुआ है। इसके बावजूद पिछले साल से डेढ़ गुणा ज्यादा कारोबार बढ़ा है। औसतन शहर में प्रतिदिन दो करोड़ रुपये का कारोबार होता है। अब त्योहारी सीजन में यह कारोबार पांच करोड़ रुपये से सात करोड़ रुपये प्रतिदिन पहुंच चुका है। जींद को उत्तर भारत में सोने का बड़ा खरीददार माना जाता है। यह सब ज्वैलर्स के विश्वास की बात है। यहां पर पंजाब, गुजरात व राजस्थान तक के लोग सोना खरीदने के लिए आते हैं।
शहर में ज्वैलर्स की लगभग 250 दुकानें हैं। पूरे उत्तर भारत में जींद के ज्वैलर्स का विश्वास इतना अधिक है कि लोग दूर-दराज से भी यहां सोना खरीदने के लिए आते हैं। ज्वैलर्स सोने की जो क्वालिटी बताते हैं, वही बेचते हैं। वह किसी के साथ धोखा नहीं करते। इसी कारण यहां के ज्वैलर्स पर लोग विश्वास करते हैं। इसके अलावा अब होलमार्क ज्वेलरी आने से सोने के आभूषणों में धोखे की गुंजाइश कम ही रहती है। 29 सितंबर से 14 अक्तूबर तक श्राद्ध रहे। इस दौरान सोने के भाव 56 हजार रुपये प्रति दस ग्राम तक आ गए थे। लोगों ने श्राद्ध में सोने की बुकिंग करवाई ताकि वह त्यौहार पर इसको ले सकें। जींद के ज्वेलर्स की माने तो श्राद्ध के 15 दिनों में जींद शहर में 20 करोड़ रुपये से अधिक का सोना बुक हो गया था, जिसकी डिलीवरी इस समय ली जा रही है। जींद के बाजार में प्रतिदिन औसतन दो करोड़ रुपये सोने का कारोबार होता है। इस समय यह कारोबार पांच से सात करोड़ रुपये प्रतिदिन का हो रहा है। ऐसे में ज्वेलर्स की दुकान पर दिनभर भीड़ रहती है।
कोरोना काल के बाद पहली बार बाजारों में इस बार अच्छी रौनक है। पिछले साल के मुकाबले इस बार ज्यादा कारोबार हुआ है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार सोने के रेट में भी दस हजार रुपये प्रति दस ग्राम का इजाफा हुआ है। मुनाफा चाहे कम हो, लेकिन विश्वास जीतकर ही आभूषण बेचते हैं, जिससे ग्राहकों की संख्या बढ़ती है।
सुभाष, पहलवान ज्वेलर्स
श्राद्ध में सोने के रेट कम थे, लोगों ने काफी बुकिंग करवाई थी। इस समय लोग आभूषण ले रहे हैं। इसके अलावा शादियों का सीजन भी है, इसलिए इस बार ग्राहक अच्छे हैं। दिनभर ग्राहक आते रहते हैं। पिछले साल के मुकाबले काम अच्छा है।
लोकी, कर्ण सिंह अशोक कुमार ज्वेलर्स
त्योहार के साथ-साथ इस समय शादियों का भी समय है। इस समय दस ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 62 हजार है। नवंबर महीने में जींद में ही अकेले चार शादियां हैं। इस कारण कारोबार में काफी उछाल है। कोरोना के बाद पहली बार बाजार खिले हैं। इसलिए सोने की खरीददारी भी इस बार डेढ़ गुणा बढ़ी है।
जुगल किशोर, जुगल किशोर ज्वेलर्स