जींद। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के जेई-एसडीओ पार्षदों के फोन नहीं उठाते तो आम आदमी का क्या होगा। घींस काढ दूंगा। डिप्टी स्पीकर ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में विकास कार्याें की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
डिप्टी स्पीकर ने जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कर्मवीर सिंह से पूछा, आपके विभाग के अधिकारी पार्षदों के फोन नहीं उठाते। उनको टाइट करो। यदि उनका यहां रहने का मन नहीं है तो वो भी बता दो। आपके विभाग का भट्ठा बैठा हुआ है।
समीक्षा बैठक की शुरुआत में डिप्टी स्पीकर ने नगर परिषद के अधिकारियों से पूछा, नहर की पटरी का कार्य रुका हुआ है। ठेकेदार क्या कर रहा है। यदि ठेकेदार को काम नहीं करना तो उसको नोटिस दो। पांडू-पिंडारा और जयंती द्वार बनने में समय क्यों लग रहा है।
इस पर नप अधिकारियों ने कहा, निर्माण के लिए दो माह तक रास्ता बंद करना पड़ेगा। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि दो माह रास्ता कैसे बंद होगा। इससे तो लोग परेशान हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि देवीलाल चौक के पास बिजली संबंधित समस्या रहती है। मेरे पास रात को 12 बजे भी फोन आते हैं।
जब एक्सईएन ने ही जवाब देना है तो बैठक में क्यों आए हो
डिप्टी स्पीकर ने हैबतपुर और अहिरका गांव के तालाबों की निकासी को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा। इस पर अधिकारियों ने कहा कि आज एक्सईएन साहब ट्रेनिंग पर गए हुए हैं। उन्हें ही मामले की जानकारी है। डिप्टी स्पीकर ने कहा, फिर यहां क्यों आए हो, जब जवाब ही एक्सईएन ने देना है। यहां चले जाओ। आप लोगों को कोई मतलब नहीं है। पिछली बैठक में क्या हुआ था।
सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि हाल ही में हुई धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से की गई सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जींद शहर के पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में पेयजल, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रीरागखेड़ा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जींद-भिवानी रोड पर बने अंडरब्रिज को आवश्यक कार्य पूरे कर जल्द शुरू करने को कहा। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री की ओर से जो भी घोषणाएं की गई है उन्हें प्राथमिकता के तौर पर पूरा करवाया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान सिंह मान, नगराधीश मोनिका रानी भी मौजूद रही।
शहर में बारिश के दो घंटे बाद नहीं दिखना चाहिए पानी
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि अब बारिश का मौसम आने वाला है। अभी तक कहीं भी नालों की सफाई नहीं शुरू की है। ऐसे में जन स्वास्थ्य विभाग अपनी पूरी तैयारी रखे। शहर में पांच-छह ऐसे पॉइंट है जहां बारिश का पानी जमा होता है। बारिश होने के दो घंटे बाद शहर की सड़कों पर पानी नहीं दिखाई देना चाहिए। पानी को लेकर लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें फोन न करना पड़े।