राशन कम मिलने की वजह से नाराज होकर प्रदर्शन करते डिपो होल्डर।
- फोटो : Jind
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा राशन डिपो पर भेजे जा रहे कम राशन की शिकायत को लेकर सोमवार को क्षेत्र के डिपो होल्डर ने विभाग के पीआर सेंटर पर ताला जड़ दिया। इसके बाद भी अधिकारियों ने उन्हें पूरा राशन देने का आश्वासन नहीं दिया तो डिपो होल्डर रोष प्रदर्शन करते हुए शहर थाना में पहुंचे और थाना प्रभारी से मांग की कि कम राशन देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
थाना पहुंचे डिपो होल्डरों ने कहा कि पिछले कई माह से अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। कम राशन भेजा जाता है। लोगों को उनका राशन नहीं मिलता तो डिपो होल्डर पर राशन हड़पने के आरोप लगते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों को अपनी शिकायत भेज चुके हैं, लेकिन मिलीभगत होने के कारण अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं जा रहा ही।
कम और खराब आता है राशन
डिपो होल्डर एसोसिएसन के प्रधान राजेश ने कहा कि विभाग द्वारा दिया जाने वाला राशन सिर्फ कम ही नहीं खराब भी आता है। बरसात में भीगकर खराब हो चुके गेहूं की सप्लाई डिपो पर दी जाती है। इससे ग्रामीण लेने से इंकार कर देेते हैं और अधिकारी कह देते हैं कि गेहूं यही है। चाहे सुखाकर लोगों में बांटों। डिपो होल्डरों ने खराब राशन की सप्लाई को लेकर भी अपनी शिकायत उच्च अधिकारियों को दी है, लेकिन अभी तक उनकी शिकायत पर तो पूरा व शुद्ध राशन डिपो पर पहुंचा और ना ही किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
शहर थाने में पहुंची एएफएसओ
डिपो होल्डर अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शहर थाना में लगभग दो घंटे तक रहे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया। जब डिपो होल्डर नहीं माने तो शहर पुलिस ने सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी बबीता ढुल व अन्य अधिकारियों को थाने में बुलाया। जिसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी बात थाना प्रभारी के समक्ष रखी। डिपो होल्डर ने स्पष्ट कह दिया है कि जो अधिकारी कम राशन देते हैं और उन्हे पूरा राशन नहीं देने की बात करते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं इस मामले में एएफएसओ ने चुप्पी साध रखी है।
यह मामला थाने का नहीं-एसएचओ
शहर थाना प्रभारी राकेश राणा ने बताया कि डिपो होल्डर एक शिकायत लेकर उनके पास आए थे। शांति बनाए रखने के लिए अधिकारियों को भी थाने में बुलाया गया। इस मामले में पुलिस की कोई कार्रवाई नहीं बनती है। लेकिन डिपो होल्डरों की शिकायत ले ली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।