04जेएनडी02: जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में घर का पेयजल और सीवरेज कनेक्शन नियमित करवाने को लेकर
जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में पेयजल और सीवरेज के सभी कनेक्शनों को नियमित करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। विभाग ने इसके लिए छह टीमों का गठन किया है, जो घर-घर जाकर कनेक्शनों की जांच कर रही हैं। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अभी तक नियमित नहीं हैं, उनके कनेक्शन मौके पर ही ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से वैध किए जा रहे हैं।
शहर के प्रत्येक घर तक पेयजल और सीवरेज की सेवाओं को नियमों के दायरे में लाना विभाग की प्राथमिकता है। वर्तमान में जींद शहर में करीब 39088 घर हैं, जबकि विश्वास पोर्टल पर केवल 18459 पेयजल कनेक्शन ही नियमित दर्ज हैं। बड़ी संख्या में कनेक्शन अभी भी बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं, जिन्हें अभियान के माध्यम से वैध बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यालय ने 31 मार्च 2027 तक 10500 नए पेयजल कनेक्शन नियमित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत जुलाई से सितंबर तक 3000 अक्तूबर से दिसंबर तक 3500 और जनवरी से मार्च तक 4000 कनेक्शन नियमित किए जाएंगे। इसी अवधि में सीवरेज कनेक्शनों को भी नियमित करने का अभियान समानांतर रूप से चलाया जाएगा।
बॉक्स लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग ऑटो रिक्शा के माध्यम से मुनादी करवा रहा है। इसके अलावा पेयजल बिल जमा कराने, अवैध कनेक्शन नियमित कराने और विभागीय नियमों की जानकारी देने के लिए पैम्फलेट एवं पोस्टर भी घर-घर वितरित किए जाएंगे। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वह समय रहते अपने कनेक्शन नियमित कराएं और पेयजल व सीवरेज बिल का भुगतान करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिले के पांचों शहरों में चल रहा विशेष अभियान
जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना और नरवाना में जल संरक्षण एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पेयजल संरक्षण के साथ-साथ कनेक्शन नियमित कराने और समय पर पेयजल व सीवरेज बिल जमा कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इससे विभागीय सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और पेयजल व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
-रणधीर मताना, जिला सलाहकार जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन जींद