21जेएनडी19: डेंगू व मलेरिया के संभावित क्षेत्रों में फोगिंग करते हुए स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
जींद। जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की जांच में दो और बच्चों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस मौसम में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
इन नए मामलों में कालवा गांव की दो वर्षीय बच्ची और ढाकल गांव की 13 वर्षीय बच्ची शामिल हैं। इन बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग सहित अन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दो दिन पहले भी जिले में डेंगू के दो मामले सामने आए थे। नए मरीज मिलने के बाद संबंधित गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य कर्मचारी लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं। वे घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील भी कर रहे हैं।
बचाव के उपाय
स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग कर रही हैं। कर्मचारी संभावित लार्वा वाले स्थानों की जांच भी कर रहे हैं। लोगों को सलाह दी जा रही है कि कूलर, गमले और पानी की टंकियों में पानी जमा न होने दें। मच्छर का लार्वा पनपने से रोकना डेंगू की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका है।
वर्जन
बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर लोग स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच करवाएं। विभाग की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और संक्रमित मरीजों के आसपास के क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।-विजेंद्र ढांडा, नोडल अधिकारी मलेरिया।