07जेएनडी04: एबीवीपी के सदस्य परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर स्पेशल चांस की परीक्षा करवाने की
जींद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर यूजी छठे व आठवें सेमेस्टर और पीजी चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए जल्द स्पेशल चांस परीक्षा आयोजित कराने की मांग की है। परिषद का कहना है कि इससे हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकेगा।
एबीवीपी विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष सतविंदर ढिल्लों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष अंतिम सेमेस्टर के कई विद्यार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रह जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है जिससे उनका पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित होता है।
इसका सीधा असर उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी एवं निजी नौकरियों, शोध कार्यक्रमों तथा अन्य विश्वविद्यालयों में दाखिले पर पड़ता है। कई विद्यार्थियों की काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया भी बैकलॉग के कारण अटक जाती है।
एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी ने कहा कि हरियाणा के कई विश्वविद्यालय समय-समय पर विद्यार्थियों के हित में स्पेशल चांस परीक्षा आयोजित करते रहे हैं। परिषद ने जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।