11जेएनडी17-बस अड्डे पर खड़ी एसी बसें। संवाद
जींद। भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए हिसार रूट पर एसी बसों की मांग बढ़ रही है। डिपो के पास इस रूट पर पर्याप्त एसी बसें उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में पानीपत और करनाल डिपो की एसी बसों का सहारा लिया जा रहा है। ये बसें वाया जींद होकर हिसार तक जा रही हैं।
जींद से हिसार रूट पर प्रतिदिन करीब दस रोडवेज बसों का आवागमन होता है। इनमें साधारण बसों के साथ कुछ एसी बसें भी शामिल हैं लेकिन जींद डिपो की अधिकांश एसी बसें वर्तमान में चंडीगढ़ और गुरुग्राम जैसे व्यस्त रूटों पर संचालित की जा रही हैं। इन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण विभाग ने एसी बसों को वहां प्राथमिकता दी हुई है।
यात्री जोगेंद्र, रामनिवास, सतबीर, धर्मसिंह, राहुल, सूरजमल का कहना है कि गर्मी के दिनों में एसी बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। दोपहर के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने पर साधारण बसों में यात्रा करना काफी कठिन हो जाता है। ऐसे में यदि अधिक एसी बसें उपलब्ध हों तो यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकती है।
करनाल से वाया जींद होकर हिसार जाने वाली बसों का काफी फायदा मिल रहा है। सुबह साढ़े दस बजे करनाल से चलकर दोपहर 12:20 बजे जींद पहुंच जाती है। दस मिनट ठहराव के बाद बस आगे हांसी और हिसार जाती है। हिसार से बस दोपहर बाद साढ़े तीन बजे चलती है, जो शाम को साढ़े पांच बजे जींद पहुंचती है। यहां से बस असंध होते हुए रात लगभग साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच करनाल पहुंचती है। जींद से एसी बस में हांसी का किराया 90 रुपये तो हिसार का किराया 140 रुपये है।
वर्जन
डिपो की दस एसी बसें गुरुग्राम और चंडीगढ़ रूट पर आवागमन कर रही हैं। वहीं दूसरे डिपो की कुछ एसी बसें भी वाया जींद होकर जाती है। करनाल डिपो की जींद होकर हिसार जाने वाली बसों में यात्री सफर कर सकते हैं।
-राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद