सफीदों-असंध बाईपास के बीच सड़क पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान सिंघाना निवासी 26 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। कुलदीप मिट्टी ढुलाई के लिए ट्रैक्टर-ट्राली पर ड्राइवर का काम करता था। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कर्ण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
मृतक कुलदीप के भाई का आरोप है कि यह मामला हत्या का है। वहीं पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई बढ़ाने की बात कह रही है। मृतक के भाई संदीप ने कहा कि उसके भाई के सिर व गर्दन पर चोट के निशान हैं और जहां पर उसके भाई का शव पड़ा हुआ है, उससे एक किलोमीटर के लगभग की दूरी पर उसके भाई की बाइक पड़ी मिली है। बाइक के साथ ही कुलदीप के जूते, चप्पल व टोपी पड़े हैं। उसे शक है कि किसी ने उसके भाई की हत्या करके सड़क दुर्घटना का रूप दिया है। यह सड़क दुर्घटना है या मर्डर इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
कुलदीप मां खो चुकी है दूसरा लाल
कुलदीप की मौत के बाद उसकी 50 वर्षीय मां केला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने बेटे के मरने की खबर सुनते ही उसकी आंखें पथरा गई हैं। सात साल पहले उसे अपने बेटे प्रदीप को खो चुकी है। प्रदीप बाता गांव के एक पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में तेल डलवाकर सड़क पर आ ही रहा था कि पीछे से तेज गति से आई कार ने टक्कर मार दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा मौत के कारणों का खुलासा
एएसआई राजकुमार ने कहा कि यह मामला हत्या का है या सड़क दुर्घटना का इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। इस मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं।