मंडी में अधिकारियों से बात करते डीसी विनय सिंह।
- फोटो : bureau
मुख्यमंत्री मनोहर लाल 23 मई को जुलाना की पुरानी अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगे और जनकल्याणकारी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसी को लेकर जुलाना की पुरानी अनाज मंडी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। डीसी विनय सिंह ने पुरानी अनाज मंडी का दौरा किया और सभी विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनको जनसभा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने बिजली निगम, मार्केट कमेटी, खंड विकास एवं पंचायत विभाग, नगर पालिका और जन स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को जुलाना की पुरानी अनाज मंडी में बुलाकर सभी की ड्यूटी लगाई। डीसी ने बिजली निगम के एसडीओ कृष्ण छिक्कारा को मंडी में मौजूद ट्रांसफार्मर की लटकी तारें दिखाते हुए कहा कि इसका सही से प्रबंध किया जाना चाहिए। इससे कोई भी हादसा हो सकता है।
मंडी में महिला शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी और गर्मी को देखते हुए पेयजल की विशेष व्यवस्था की जाएगी। डीसी ने कहा कि हेली पैड से लेकर मंच तक तीन गेट बनाए जाएंगे। इस अवसर पर अधिकारियों के अलावा जुलाना से भाजपा के प्रत्याशी रहे संजीव बुआना, ओमप्रकाश पहल, धर्मेंद्र शर्मा, पुष्पा तायल सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।