जींद। पिल्लूखेड़ा खंड के धड़ौली गांव की गोशाला में हडवारा बंद करवाने की मांग को लेकर जगतानंद महाराज द्वारा लघु सचिवालय के बाहर पिछले 40 दिनों से अनशन शुरू किया गया था। शनिवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जगतानंद महाराज को पानी पिलाकर उनका अनशन खत्म करवाया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग, डाॅ. राज सैनी मौजूद थे।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने अनशन पर बैठे महात्मा व अन्य कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कमेटी की जो भी जरूरी मांग है उनको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। धडौली गोशाला की पुरानी कमेटी को पहले ही बदला जा चुका है। शेष जो भी मांगे है उन पर भी कानूनी हिदायतों अनुसार शीघ्र विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गो रक्षा के लिए बहुत से कारगर कदम उठाए गए हैं। इसके लिए गो आयोग भी बनाया गया है। आयोग की हिदायतों के अनुसार ही कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि धडौली गोशाला विवाद के चलते जगतानंद महाराज पिछले 40 दिनों से लघु सचिवालय के बाहर अनशन पर बैठे हुए थे।