04जेएनडी22: समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते डीसी मोहम्मद इमरान रजा। स्रोत प्रशासन
जींद। लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को समाधान शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी 30 शिकायतें और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सभी शिकायतों को सुना और अधिकारियों को मौके पर ही उनके निवारण के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निपटान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार की इस जनहितकारी पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को दफ्तरों के बार-बार चक्कर काटने से बचाना है।
समाधान शिविर के दौरान सफीदों निवासी जिलेसिंह ने अपनी कृषि भूमि के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करवाने की मांग रखी, जबकि कालवा निवासी विनोद ने सिंचाई व्यवस्था से जुड़े अधूरे पड़े खाल के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाने की शिकायत दी।
गांव भुरायण निवासी वीरेंद्र ने निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर के कार्य में तेजी लाने की प्रार्थना की और बहबलपुर के कुलदीप ने गांव की कच्ची गलियों को पक्का करवाने की मांग उठाई।
इसके अलावा, आशरी गेट और बाजरान मोहल्ला के निवासियों ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटवाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू करने का मुद्दा उठाया। डीसी ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला तथा उपमंडल स्तर पर इन समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान मान, आरटीए गिरीश कुमार और डीडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।