बिजली निगम जींद में डीसी रेट पर लगे सहायक लाइनमैन सुभाष की शुक्रवार रात को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सुभाष (24) की ड्यूटी गुलकनी गांव में थी। गांव के किसी व्यक्ति ने बिजली को लेकर शिकायत दी थी। इसी शिकायत को ठीक करने के लिए सुभाष ट्रांसफार्मर की लाइन काट रहा था कि वह करंट की चपेट में आ गया। सदर थाना पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता मलिकपुर निवासी श्रवण कुमार ने बताया कि उसका बेटा सुभाष बिजली निगम में डीसी रेट पर लगा हुआ था। शुक्रवार को उसकी रात की ड्यूटी थी। इस समय वह रामराय पावर हाउस पर तैनात था। जहां से गुलकनी गांव में ड्यूटी पर गया हुआ था। गुलकनी गांव में रात को ट्रांसफार्मर के खराब होने पर वह उसे ठीक करने के लिए स्विच काट रहा था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में करंट आ गया। करंट की चपेट में आने से उसके बेटे सुभाष की मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।