02जेएनडी01: करनाल में हुई हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेते दिखाते खिलाड़ी। स्रोत : खेल विभाग
नरवाना। करनाल के कर्ण स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दनौदा की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की टीमों ने भाग लिया था।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दनौदा की टीम ने हिसार को हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता एक अक्तूबर को हुई। टीम कोच अनिल नैन ने कहा कि खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं बल्कि पूरे गांव दनौदा के साथ जिले का गौरव है।
अब यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगी। स्कूल के प्रधानाचार्य बेगराज आर्य ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में विद्यालय की श्रेष्ठता का प्रमाण है। बिनैन खाप के प्रधान रघुबीर नैन, प्रवक्ता संदीप, दनौदा गांव की सरपंच किताबो देवी, सरपंच जितेंद्र सिंह, जयभगवान नैन, बलवान शर्मा ने टीम को शुभकामनाएं दी। संवाद