08जेएनडी24: चेन्नई में आयोजित कलई सरल प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर आने पर कुलपति प्रो. रामपाल
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की टीम ने चेन्नई में आयोजित कलई सरल राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। दस से 14 मार्च तक चली प्रतियोगिता के वन एक्ट प्ले श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने सपनों का सफर विषय पर आधारित नाटक का मंचन किया। छात्रों के सशक्त अभिनय, भावुक प्रस्तुति और संवाद अदायगी ने न केवल दर्शकों का दिल जीता बल्कि निर्णायकों को भी प्रभावित किया। इस प्रतिभाशाली टीम में अंजलि, रवि, अंकित, अभिषेक, नवरत्न, साहिल, कुमारी दीक्षा और निशु सहित नौ छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। नाटक का निर्देशन यशु दास द्वारा किया गया जिनकी प्रेरणा और कुशल निर्देशन को इस सफलता का मुख्य आधार माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय लौटने पर टीम का स्वागत किया गया। कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर यह स्थान पाना पूरे विश्वविद्यालय के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के विद्यार्थी भविष्य में भी सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की रचनात्मकता को निखारने के लिए हर संभव मंच उपलब्ध कराता रहेगा। इस अवसर पर डीवाईसीए के निदेशक डॉ. अनिल कुमार और सहायक निदेशक डॉ. भावना मौजूद रहीं।