08जेएनडी22 :गेहूं की ढेरियों से नमी जांचते हुए डीसी मोहम्मद इमरान रजा। स्रोत प्रशासन।
नरवाना। नई अनाज मेला मंडी का डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया, उठान कार्य और किसानों को मिल रही सुविधाओं को देखा।
डीसी ने कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों का एक-एक दाना मानकों के अनुसार खरीदा जाए और भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। कहा कि मंडी में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
किसानों को राहत देने के लिए डीसी ने गेट पास व्यवस्था को 24 घंटे लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को फसल मंडी में लाने और निकलवाने में आसानी होगी तथा अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति से भी राहत मिलेगी। मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, बारदाना और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
खरीद एजेंसियों और आढ़तियों को तालमेल बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। कहा कि खरीद के साथ उठान जारी रहे।बारिश की संभावना को देखते हुए तिरपाल सहित अन्य जरूरी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीएम जगदीश चंद्र, मार्केट कमेटी सचिव पूजा, प्रधान अमित ढाकल, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जयदेव बंसल और किसान मौजूद रहे।