जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जींद आगमन को लेकर रेलवे जंक्शन और उसके आसपास के क्षेत्र में लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग रेलवे जंक्शन के आसपास जुट रहे।
चिलचिलाती धूप और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। महिलाएं, पुरुष, युवा और स्कूली बच्चे घंटों तक प्रधानमंत्री का इंतजार किया।
रेलवे जंक्शन के आसपास बने मकानों की छतों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई। महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने छतों से प्रधानमंत्री के काफिले का इंतजार किया। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रेलवे जंक्शन की ओर बढ़ा, लोगों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी वाहन से हाथ हिलाकर और राम-राम कहकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
कार्यक्रम स्थल के अलावा रेलवे लाइन की दूसरी ओर बैठे हजारों लोगों में भी खासा जोश दिखाई दिया। प्रधानमंत्री द्वारा हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाते ही पूरा क्षेत्र मोदी-मोदी और जयकारों से गूंज उठा।
स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने तालियां बजाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। ट्रेन रवाना होने के बाद भी काफी देर तक लोग जयघोष करते रहे। तेज धूप और लंबा इंतजार भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सका और प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।