मृतक अनीश का फाइल फोटो। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए
जहां यह वारदात हुई है, वहीं पर पुलिस वाहनों के चालान करने में व्यस्त थी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुमित कुमार और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान ईगराह निवासी 21 वर्षीय अनीश के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं।
ईगराह गांव निवासी अनीश शुक्रवार दोपहर को शिव कॉलोनी में आया हुआ था। उसके बाद वह बाइक लेकर पुराना बस अड्डा पर पहुंचा और वहां पर एक युवक के साथ बात करने लगा, तभी बाइक पर दो युवक आए और उन्होंने आते ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे एक गोली तो उसके पास से गुजर गई और चार गोलियां उसे लगीं, जिनमें दो गोलियां उसके कंधे के आरपार हो गई और एक गोली मुंह पर जा लगी। इससे वह मौके पर ही गिर गया।
दिनदहाड़े गोली चलने के आवाज से आसपास दहशत फैल गई और वहां से गुजर रहे लोग इधर-उधर दौड़ पड़े। बस अड्डा चौक पर खड़ी पुलिस गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन बीच रास्ते उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास की दुकान पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों ने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। बयान दर्ज होने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। -दीवान सिंह, प्रभारी, सिविल लाइन थाना जींद।