हरियाणा के हिसार जिले के गांव भकलाना निवासी एक बुजुर्ग महिला की पथरी का ऑपरेशन कराने के सात महीने बाद मौत हो गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि जींद के सिविल अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक ने पेट में पट्टी छोड़ दी थी। इस कारण इंफेक्शन होने से उसकी मौत हुई है। परिजनों ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है।
गांव भकलाना निवासी अनूप ने बताया कि उसकी मां मूर्ति देवी (55) को पथरी की शिकायत थी। उसने 16 दिसंबर 2021 को अपनी मां का नागरिक अस्पताल जींद में पथरी का ऑपरेशन करवाया था। दस दिन बाद वह अपनी मां को नागरिक अस्पताल में टांके कटवाने ले गया। उस समय उसकी मां ने बताया कि उसे दर्द हो रहा है। चिकित्सक ने फिर से दवाई दे दी। लगभग 15 दिन बाद टांकों में गलन हो गई।
वह फिर मां को लेकर नागरिक अस्पताल जींद गया और चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने फिर दवाई दे दी। इसके बाद उसकी मां को लगभग एक महीने तक आराम रहा लेकिर धीरे-धीरे फिर से दर्द बढ़ने लगा। दवाई लेने पर कुछ राहत मिलती लेकिन धीरे धीरे प्रतिदिन उसकी मां के पेट में दर्द होने लगा।
दर्द इतना बढ़ गया कि उसकी मां को उल्टी होने लगी। अनूप ने बताया कि मां की तबियत ज्यादा खराब रहने लगी तो वह चार जुलाई को अपनी मां को हिसार के शांति देवी अस्पताल में ले गया। यहां चिकित्सकों ने जांच करके बताया कि उसकी मां के पेट में कुछ धागानुमा चीज दिखाई दे रही है। पांच जुलाई को चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया तो मां के पेट से एक छह गुणा आठ इंच की पट्टी निकली।
ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक ने बताया कि उसकी मां की आंत पूरी तरह से गल चुकी है और इंफेक्शन बहुत ज्यादा फैल गया है। अनूप ने बताया कि आठ जुलाई को उसकी मां की मौत हो गई। नौ जुलाई पोस्टमार्टम करवाया गया। उसने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है।
यह मामला संज्ञान में आया है। इस बारे में फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले पर खुद संज्ञान लिया है और मामले की जांच करवाई जाएगी। अगर शिकायत आती है तो शिकायतकर्ता को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
-डॉ. लोकवीर, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल जींद
महिला का ऑपरेशन जींद के नागरिक अस्पताल में हुआ था। इसलिए जांच का क्षेत्र जींद पुलिस का आता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही जींद पुलिस को सौंपी जाएगी। अपने बयानों में महिला के परिजनों ने महिला की मौत का कारण ऑपरेशन के दौरान पेट में पट्टी छोड़ने को बताया है।
-सिकंदर, जांच अधिकारी, हिसार अर्बन एस्टेट थाना