गांव खरल व उझाना के बीच में माइनर के निकट बुधवार दोपहर बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति से पिस्तौल के बल पर बीस हजार रुपये की नकदी लूट ली।
लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर लुटेरे मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार दोपहर गांव कमालवाला निवासी बलिंद्र बाइक पर सवार होकर ढूंढवा गांव जा रहा था।
गांव खरल और उझाना के बीच माइनर के निकट दो बाइक सवार युवकों ने उसेरुकवा लिया। जैसे ही उसने बाइक को रोका तो लुटेरों ने उसके बाइक को लॉक करके चाबी खेतों में फेंक दी। बाद में लुटेरों ने बलिंद्र को पिस्तौल दिखाकर उसकी जेब से बीस हजार रुपये की नकदी निकाल ली।
वारदात को अंजाम देेने के बाद लुटेरे बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। लूटपाट की सूचना पाकर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बलिंद्र की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। गढ़ी थाना प्रभारी सूरजभान ने बताया कि उन्हें इस लूट की सूचना मिली है वह मामले की जांच कर रहे हैं।