हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर अग्रोहा मार्ग के रेलवे फाटक के नजदीक रविवार को एक विवाहिता अपनी दो छोटी बच्चियों के साथ पैसेंजर ट्रेन के आगे कूद गई।
हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों मासूम बच्चियां सुरक्षित बच गईं। मृतका की पहचान गांव खेदड़ में विवाहिता 26 वर्षीय सुमन के रूप में हुई है।
सुमन खेदड़ में अपने ससुराल वालों को जींद के गांव जुलानी स्थित अपने मायके जाने की बात कहकर अपनी बच्ची खुशी व समिति को लेकर निकली थी, लेकिन उसने कुछ और ही करने की सोच रखी थी। सुमन के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में सुमन को मानसिक रूप से बीमार बताया है।
सुमन के पिता फूल सिंह ने बताया कि सुमन काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
जीआरपी के एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम होगा। सुमन का विवाह करीबन 5 साल पहले खेदड़ गांव के मुकेश उर्फ मन्ना के साथ हुआ था। शादी के बाद सुमन को दो बच्चियां हुईं, जिनमें बड़ी खुशी और छोटी बेटी समिति थी।
खुशी की उम्र 3 वर्ष व समिति की उम्र 1 साल है। रविवार को जिस वक्त यह हादसा हुआ उस दौरान ये दोनों भी सुमन के साथ ही थीं।