विजिलेंस की टीम ने शनिवार देर शाम रोहतक रोड चौकी के मुंशी को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। विजिलेंस की टीम ने आरोपी चौकी मुंशी के खिलाफ के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला कर गिरफ्तार कर लिया।
सुभाष नगर मिन्नी ने शनिवार को विजिलेंस कार्यालय में शिकायत दी कि दो दिन पहले रोहतक रोड चौकी की पुलिस उसके घर से उसके बाइक को किसी वारदात में शामिल होने की बात कहकर चौकी में उठाकर ले आई।
जब वह चौकी में बाइक को लेने के लिए गया तो चौकी के मुंशी मजीद ने उसे छोड़ने की एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत की डिमांड की। शिकायत मिलने पर जींद के नायब तहसीलदार आनंद को ड्यूटी मजिस्ट्रेट करके छापामार दल का गठन किया।
छापामार दल में विजिलेंस इंस्पेक्टर बशेसर शर्मा, एसआई कृष्ण, दयानंद, एएसआई अनिल, हेड कांस्टेबल जगबीर को शामिल किया गया। शिकायतकर्ता मिन्नी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षर तथा पाउडर युक्त तीन हजार रुपये की नकदी दे दी।
योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता मिन्नी ने तीन हजार रुपये की रिश्वत मुंशी मजीद को दे दी और इशारा मिलते ही विजिलेंस की टीम ने छापा मारा और मुंशी के पास से रिश्वत के तौर पर लिए गए तीन हजार रुपये की नकदी बरामद कर लिया। जब आरोपी मुंशी के हाथों को धुलाया तो उसका रंग गुलाबी हो गया।
विजिलेंस की टीम ने आरोपी मुंशी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर बशेसर शर्मा ने बताया कि रोहतक रोड चौकी के मुंशी को बाइक छोड़ने की एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।