सफीदों में राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल के सामने हादसा हुआ है। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बाइक सवार व्यक्ति अपनी बेटी, बेटे और पत्नी के साथ सफीदों गया था।
हरियाणा के जींद के सफीदों क्षेत्र में राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल के सामने धान से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार महिला और उसकी पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि महिला का पति घायल हो गए। बेटा बाल बाल बच गया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
महिला और बच्ची की पहचान पारूल (25) और सिरत (5) निवासी गांव निमनाबाद के रूप में हुई है। मामले की सूचना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। गांव निमनाबाद निवासी आजाद अपनी पत्नी पारुल, बेटी सिरत और बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर सफीदों में किसी काम से आए हुए थे।
जब वह नगर के राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए। पारूल के ऊपर से टै्क्टर ट्रॉली के पहिए उतर गए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
पारुल के पति व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटा बाल-बाल बच गया। घटना होते ही आसपास के दुकानदार व राहगीर बचाव के लिए आगे आए। घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान बच्ची सिरत की भी मौत हो गई और आजाद की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। इस मामले की जानकारी मिलते ही परिजन नागरिक अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खूब दौड़ते हैं ओवरलोड वाहन
सड़कों पर ओवरलोड वाहन खूब दौड़ रहे हैं जो जानलेवा बन रहे हैं, लेकिन पुलिस सब कुछ जानकर भी अजान बन रही है। धान से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉलियां खूब शहर से गुजरती हैं। मार्गों पर इनके कारण हादसों की पूरी संभावना रहती है लेकिन न तो यातायात पुलिस कार्रवाई कर रही है और न ही आरटीए कोई ध्यान दे रहा है। इस पर प्रशासन को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करनी होगी।