डेढ़ लाख की ठग्गी होने के बाद शिकायत लेकर जुलाना थाना पहुंचा गांव फतेहगढ़ का जगबीर।
- फोटो : amarujala beuro
गांव फतेहगढ़ के एक युवक से शादी के नाम पर लगभग डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। युवक ने जुलाना पुलिस को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव फतेहगढ के जगबीर पुत्र चत्तर सिंह ने जुलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च 2017 को गांव गतौली निवासी चांद ने उसकी शादी करवाने की एवज में उससे शादी खर्च के लिए लगभग एक लाख 40 हजार रुपये लेकर कहा था कि उसकी शादी पंजाब में एक गरीब परिवार से करवा देगा। जगबीर ने बताया कि 16 मार्च 2017 को गांव लिजवाना खुर्द निवासी पवन, गांव निडाना निवासी राकेश के सामने गतौली गांव के चांद को शादी के खर्चे की एवज में एक लाख 40 हजार रुपये नकद दे दिए और 17 मार्च को चांद जगबीर और अन्य सात-आठ लोगों को साथ लेकर पंजाब के लुधियाना की कोर्ट में पहुंच गया। वहां पर मौजूद राजू नामक व्यक्ति और एक महिला ने बताया था कि परमजीत उनकी लड़की है और वे गरीब परिवार से है। शादी का खर्चा लेकर उन्होंने कोर्ट में परमजीत के साथ जगबीर की शादी करवा दी। इसके बाद जगबीर परमजीत को लेकर घर गांव फतेहगढ़ आ गया। शादी के 10-12 दिन के बाद परमजीत ने कहा कि उसकी मां बीमार है और वह घर जाना चाहती है। इस पर जगबीर ने परमजीत को जींद बस स्टैंड पर पातड़ा जाने वाली बस में बैठा दिया। जब जगबीर ने कुछ समय पश्चात अपनी पत्नी से फोन पर संपर्क किया तो उसको बताया कि वह घर पहुंच गई है। कुछ दिन बाद जगबीर ने परमजीत के मोबाइल फोन पर संपर्क करना चाहा तो संपर्क नहीं हो पाया। कुछ दिन बाद परमजीत ने आने से मना कर दिया। जगबीर ने बताया कि उसे साजिश का संदेह हुआ। उसने जब अपने घर पर रखे परमजीत के संदूक को चेक किया तो शराब और सिगरेट रखी मिली। जगबीर ने पूरी घटना कस जिक्र गांव गतौली के चांद से किया तो उसने कहा कि वह या तो उसके रुपये वापस दिलवा देगा या उसकी पत्नी को वापस उसके गांव ले आएगा। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी जगबीर को न तो उसके रुपये वापस मिले और न ही पत्नी। यही नहीं जगबीर ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसने चांद के बारे में जानकारी जुटानी चाही तो पता लगा कि चांद जुलाना क्षेत्र के कई गांवों में फर्जी शादी करवाकर लोगों से लाखों रुपये ठग चुका है और रुपये वापस मांगने पर दहेज का केस करवाने की धमकी दे देता है। शुक्रवार को जगबीर ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
गांव फतेहगढ़ के जगबीर ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसके साथ शादी के नाम ठगी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
-चंद्रभान, प्रभारी थाना जुलाना।