गांव झमौला के निकट कार सवार बदमाशों ने एक युवक से पिस्तौल के बल पर डस्टर गाड़ी को छीन ली। गाड़ी छीनने की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बदमाशों का सुराग लगाने के लिए सर्च अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गांव भावड़ निवासी अमित रविवार रात को गांव बड़ छप्पर जा रहा था। लिंक मार्ग से निकल रहा था तो गांव करेला व झमौला के बीच में गाड़ी सवार तीन युवक आए और गाड़ी को मार्ग के बीच में खड़ा करके उसका रास्ता रोक लिया।
जैसे ही अमित ने गाड़ी रोकी तो इसी दौरान तीनों युवक गाड़ी से उतर आए और उस पर पिस्तौल तान दी। गोली मारने की धमकी देकर गाड़ी से नीचे उतार दिया। उसके बाद एक लुटेरा गाड़ी में सवार हो गया और गाड़ी को लेकर फरार हो गए। अमित ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी।
गाड़ी छीनने की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। ज्ञात रहे कि जुलाना क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से कई आपराधिक वारदात हो चुकी है और लोगों में लगातार हो रही वारदातों से भय का माहौल बना हुआ है। जुलाना थाना प्रभारी समुद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी छीनने की सूचना आई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही लुटेरों का सुराग लगाकर उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।