गांव खापड़ के राजकीय प्राथमिक स्कूल की पानी की टंकी में अज्ञात लोगों ने पानी में शराब मिला दी। सुबह जब विद्यार्थी पानी पीने के लिए गए तो वहां पर उनको शराब की गंध आई और तुरंत ही इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी। स्कूल प्रशासन ने मामले पर ग्रामीणों और पुलिस का सूचित किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि आज तो पानी की टंकी में शराब मिलाई है। भविष्य में ऐसे लोग पानी में कोई जहरीली वस्तु भी मिला सकते हैं। इसके लिए जल्द से जल्द ऐसे लोगों का सुराग लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ग्रामीण संदीप, प्रदीप, रूबा, सुभाष, दर्शना, मनोज, जसबीर ने बताया कि कहा कि सुबह स्कूल जाने के बाद बच्चे जब पानी के टैंक से पानी पीने पहुंचे तो इससे शराब की गंध आ रही थी। बच्चों ने इसकी जानकारी स्कूल स्टाफ को दी। स्कूल स्टाफ ने ग्रामीणों को इस बारे में बताया। ग्रामीणों ने कहा कि अभी स्कूल के टैंक में शराब मिलाकर पानी को खराब किया गया। भविष्य में शराब की जगह कुछ और भी मिलाया जा सकता है। टैंक में शराब मिलने वालों को पुलिस प्रशासन पता कर सख्त से सख्त करवाई करे।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यास अधिक लगती है। स्कूल के पानी के टैंक में शराब मिलाने से पानी खराब हो गया। इसके बाद बच्चे घरों से पीने का पानी लेकर आए। चौकी इंचार्ज राजेंद्र ने कहा कि पानी के टैंक में शराब मिलाने की जानकारी मिलने पर वो मौके पर गए थे। ग्रामीणों की अब तक कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।