चोरों को पकड़ने का ढिंढोरा पिटने वाली सफीदों पुलिस का नया चेहरा सामने आया है। पुलिस की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके बाद एक पुलिसकर्मी (एसपीओ) और एक होम गार्ड को एसएसपी शशांक आनंद ने बर्खास्त कर दिया। मामला रविवार देर रात सफीदों की सब्जी में सामने आया है। यहां एसपीओ सुनेहरा और होम गार्ड पवन कुमार चौकीदारों को डंडे मारकर भगाने के बाद खरबूजों की थैली लूटतेे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। मामले की सूचना सोमवार सुबह जैसे ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मिली तो दोनों कर्मी की पहचान कर उन्हें बर्खास्त कर दिया। चौकी इंचार्जएएसआई जयबीर ने कहा कि दोनों को लाइन हाजिर करके जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस राइडर बाइक पर वर्दी में पहुंचे थे दोनों कर्मी
सफीदों सब्जी मंडी में हर रोज की तरह रात के समय चौकीदार प्रेम बहादुर और अन्य चौकीदार ड्यूटी दे रहे थे। सीसीटीवी कमरों की फुटेज के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे पुलिस राइडर बाइक पर दोनों कर्मी आए और वहां बैठे चौकीदारों पर डंडों से हमला बोल दिया। इस दौरान सभी चौकीदार मौके से भाग गए। दोनों ने चौकीदार प्रेम बहादुर की जमकर धुनाई की। इसके बाद मंडी से खरबूजों का थैला उठाकर ले जाते दिखे। पुलिसकर्मी के जाने के बाद घायल चौकीदार प्रेम बहादुर ने इसकी सूचना अपने मालिक को दी। सूचना पाकर मालिक और अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। वारदात को सीसीटीवी कमरों में देखने के बाद घटनाक्रम लोगों के सामने आया।
जांच में पाए गए दोषी
एसपीओ और होम गार्ड को बर्खास्त कर दिया है। घटना की शिकायत मिली है और जांच के दौरान दोनों दोषी पाए गए हैं। उनके खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की गई है। -शशांक आनंद, एसएसपी जींद ।