खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को पेट्रोल पंपों की जांच के लिए अभियान चलाया। इस दौरान गोहाना रोड स्थित राधा स्वामी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में बड़ा झोल सामने आया। यहां सवा छह लीटर तक मीटर चलने पर पेट्रोल सिर्फ पांच लीटर ही मिला। इस पर खाद्य एवं आपूर्ति और मापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने मशीन को सील कर दिया। अब नापतौल विभाग की टीम दोबारा पेट्रोल पंप एसोसिएशन और कंपनी के अधिकारियों की मौजूदगी में मशीन की जांच करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएफएससी ऑफिस के अधिकारियों के अनुसार उन्हें कुछ पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी। इसके चलते मंगलवार को गोहाना रोड स्थित पांच पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राधा स्वामी फिलिंग स्टेशन पेट्रोल की एक नोजल खराब मिली, जिस कारण विभाग ने उसे नोटिस जारी किया। विभाग ने महेश कुमार एंड संस फिलिंग स्टेशन, जय हिंद फिलिंग स्टेशन, आदर्श फिलिंग स्टेशन व मलिक फिलिंग स्टेशन पर निरीक्षण किया गया।
मीटर चलता रहा, पेट्रोल नहीं आया
जांच के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति तथा मापतौल विभाग की टीम ने राधा स्वामी पेट्रोल पंप पर पांच लीटर का माप भरने के लिए मशीन चलाई। इस दौरान मीटर की रीडिंग चलती रही, लेकिन पेट्रोल नहीं आया। जब पांच लीटर का माप भरा तो मीटर में रीडिंग 6.24 लीटर निकल चुकी थी। इससे साफ हुआ कि प्रति पांच लीटर पेट्रोल पर उपभोक्ताओं को करीब सवा लीटर पेट्रोल का फटका लग रहा है। हालांकि इसी पेट्रोल पंप पर डीजल की मशीन में कोई खामी नहीं पाई गई।
चोरी पकड़ी गई तो, बोले कर रखी है शिकायत
अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल पंप की चोरी पकड़े जाने पर यहां मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने इसके लिए कंपनी को शिकायत कर रखी है, लेकिन शिकायत का कोई भी साक्ष्य ये लोग नहीं दिखा पाए। इस पर मशीन को सील कर दिया गया।
मिलावट का बड़ा मामला आ चुका है सामने
करीब पांच साल पहले शहर के पटियाला चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर मिलावट का बड़ा मामला सामने आया था। यहां डीजल और पेट्रोल में पानी की मिलावट की जा रही थी। लोगों की काफी शिकायत आने के बाद यहां विभागीय कार्रवाई हुई तो इसका पर्दाफाश हुआ। वहीं एक पेट्रोल पंप पर पहले भी कम तेल देने का खुलासा हो चुका है।
नियमानुसार होगी कार्रवाई
राधा स्वामी पेट्रोल पंप पर कम तेल डलने की पुष्टि हुई है। फिलहाल इसकी मशीन को सील कर दिया गया है। अब आगे की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई होगी। -ईश्वर दत्त, मापतौल अधिकारी
जारी रहेगा अभियान
जिला में कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर कम तेल देने और मिलावट की शिकायतें मिलती हैं। इस पर विभाग कार्रवाई करता है। यह अभियान जारी रहेगा। मिलावट कर या कम तेल देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लोगों के हितों से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। -राजेश कुमार आर्य, डीएफएससी
अधिकतर जगह होती है गड़बड़
पेट्रोल पंपों पर अधिकतर जगहों पर गड़बड़ी होती है। अधिकारी यदि नियमित निरीक्षण करें तो चोरी पर लगाम लग सकती है। इससे उपभोक्ताओं को भारी नुकसान तो होता ही है, साथ ही वाहन भी खराब होते हैं। -सुरेंद्र राणा, शिक्षक
कम माप के साथ मिलावट का भी खेल
उपभोक्ताओं के साथ दोहरा छलावा होता है। कम माप के साथ कुछ पेट्रोल पंप तो तेल में मिलावट भी करते हैं। इससे वाहन भी खराब होते हैं और पर्यावरण को भी भारी नुकसान होता है। ऐसे में प्रशासन को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -हितेश हिंदुस्तानी, अन्ना टीम।