शहर के भिवानी रोड पर स्थित विकास नगर से पुलिस ने एक व्यक्ति को एक किलोग्राम स्मैक सहित एक व्यक्ति को काबू किया है। पकड़ी की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग एक करोड़ रुपये कीमत आंकी जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक को बुढ़ाबाबा बस्ती से अपने दामाद के पास से लेकर आया था और उसको आगे सप्लाई करना था। पुलिस स्मैक को सप्लाई करने के आरोपी व्यक्ति की तलाश कर रही है। आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है। सोमवार देर शाम को पुलिस डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली कि विकास नगर में एक व्यक्ति बैग में नशीले पदार्थ लिए खड़ा है। पुलिस ने छापामारी की और व्यक्ति को काबू कर लिया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली, जिसमें एक पॉलीथिन में स्मैक भरी मिली। वजन करने पर एक किलोग्राम निकली।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास नगर निवासी कर्मबीर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि स्मैक अपने दामाद बुढ़ाबाबा बस्ती निवासी नरेश से लेकर आया था। जब पुलिस ने नरेश के ठिकाने पर छापामारी की तो वह गायब मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज जोगेंद्र सिंह ने बताया कि नशीले पदार्थों के इस गिरोह की तहत तक जाने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपियों के माध्यम से पता किया जा रहा है कि नशीले पदार्थ के गोरखधंधे से कौन- कौन लोग जुड़े हैं।