गांव कंडेला में बसों की मांग को लेकर जींद-चंडीगढ़ मार्ग बाधित करने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करके 30-40 अन्य के खिलाफ मार्ग बाधित करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि गांव कंडेला में कुछ युवकों ने बस नहीं रुकने की मांग को लेकर जींद-चंडीगढ़ मार्ग को बाधित कर दिया। जब वह मौके पर जाकर जाम लगा रहे लोगों से बातचीत की तो वह सुनने को तैयार नहीं हुए। काफी समझाने के बावजूद भी जाम नहीं हटा और काफी देर तक मार्ग को बाधित रखा। इसके कारण रास्ते से निकलने वाले लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव कंडेला निवासी कालू, बलराज, मनीषा, कलीराम, सोनू, अमनजीत, विनोद, विक्रम, शुलभ को नामजद करके 30-40 अन्य के खिलाफ रास्ता बाधित करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।