गांव निडानी में संदिग्ध परिस्थितियों में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। शुरुआत में परिवार के लोगों ने गांव के ही एक गुट के लोगों पर झगड़े के दौरान बच्ची की हत्या करने आरोप लगाए, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच में समझौता होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निडानी का एक युवक बुधवार रात को पड़ोस के घर में घुस गया। जहां पर युवक को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। इसको लेकर दोनों ही गुटों के बीच में झगड़ा हो गया। इस दौरान दूसरे के घर में घुसे युवक की दो वर्षीय बेटी को झगड़े के दौरान चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया। दोनों ही पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप लगाना शुरू कर दिया।
एक पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि रात को युवक उनके परिवार की महिला पर बुरी नजर के चलते घर में घुसा है। जबकि युवक के परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि घर में घुसे युवक की बेटी की महिला के पक्ष के लोगों ने हत्या की है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच में ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद दोनों ही पक्षों ने पुलिस को शिकायत देने से इंकार कर दिया। पंचायत के बाद बच्ची की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह रात को बारिश के दौरान सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी और उसका पांव फिसल गया। इसके कारण बच्ची नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके बाद 174 के तहत बयान दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
किसी पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं
सदर थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि शुरुआत में बच्ची की मां ने गांव के ही कुछ लोगों ने पर हत्या करने के आरोप लगाए थे, लेकिन बाद में महिला ने पंचायत के समक्ष मान लिया कि वह सीढ़ियों से गिर गई। इस दौरान बच्ची को चोट लग गई। इसमें उसकी दो साल की बेटी की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। इसमें किसी भी पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।