कस्बे के मालवी रोड पर खेतों में पानी देने गए किसान की बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या की सूचना पाकर डीएसपी वीरेंद्र सांगवान और एसएफएल की टीम मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार जुलाना निवासी अनूप नंबरदार बृहस्पतिवार सुबह गेहूं के खेत में पानी देने के लिए गया था। बृहस्पतिवार दोपहर को दो युवक बाइक पर सवार होकर उसके पास आए। युवक गेहूं के खेत में ही उसके पास बैठ गए।
थोड़ी देर के बाद युवकों ने असलाह से उसके ऊपर गोली दाग दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान युवक बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए।
पड़ोसी किसानों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मृतक के भाई कृष्ण ने बताया कि उसका भाई खेतों में पानी देने के लिए गया था। उनकी किसी भी व्यक्ति के साथ कोई रंजिश नहीं है।
अनूप सुबह से ही ट्यूबवेल से गेहूं के खेत में पानी दे रहा था। जहां पर अज्ञात लोगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
जुलाना थाना प्रभारी समुंद्र ने बताया कि गेहूं की फसल में अनूप का शव मिला है। अनूप के पीठ पर गोली के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।