गांव जाजवान में मंगलवार रात को पैसे लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति को गोली मार दी। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार गांव जाजवान निवासी विजय का गांव कोथ निवासी राजू के साथ पैसे का लेन-देन चल रहा है। इसी को लेकर राजू तथा विजय के बीच में कहासुनी हो गई।
इसके बाद राजू अपने साथी गांव ईक्कस निवासी अमरजीत को लेकर गांव जाजवान में पहुंच गया और दोनों में फिर से कहासुनी हो गई। इसी दौरान विजय ने अपनी लाइसेंसी असलाह से फायरिंग कर दी और गोली गांव ईक्कस निवासी अमरजीत को जा लगी। गोली लगते ही हड़कंप मच गया।
गोली लगने से घायल हुए अमरजीत को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
गोली चलने की सूचना पाकर डीएसपी कुलवंत बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल अमरजीत की शिकयत पर गांव जाजवान निवासी विजय के खिलाफ जानलेवा हमला करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि पैसे के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े के दौरान गोली चली है। गोली एक व्यक्ति को लगी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।