उपमंडल के गांव मुआना में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहरीले पदार्थ के सेवन से विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव मुआना निवासी राकेश की 21 वर्षीय पत्नी मनीषा ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन महिला को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने को कहा।
परिजन महिला को उपचार के लिए पानीपत के निजी अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस तथा मृतका के मायका पक्ष के लोगों को दी गई।
मृतका के पिता गांव पूरी निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका दामाद राकेश तथा राकेश की मां बेदो उसकी बेटी पर दहेज के लिए दबाव बनाते रहते थे। इसी से परेशान होकर मनीषा ने आत्महत्या की है। जांच अधिकारी रमेश चहल ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति तथा सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।