हांसी ब्रांच नहर में लगभग सवा दो माह पहले गांव अमरहेड़ी के निकट मिले दस वर्षीय बच्चे का शव हत्या करके फेंका गया था। यह खुलासा पीजीआई रोहतक से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के सिर में चोट मारकर हत्या की गई और उसके बाद शव को नहर में फेंका गया। हालांकि, सवा दो माह बीत जाने के बावजूद शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बच्चे की हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
सदर थाना पुलिस को 13 अगस्त को गांव अमरहेड़ी के निकट हांसी ब्रांच नहर में बच्चे का शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। इस दौरान गांव रजाना कलां निवासी राजू ने पुलिस को अपने लापता बेटे यश का शव होने की आशंका जताई।
पुलिस जब बच्चे का शव लेकर गांव रजाना खुर्द पहुंची तो राजू की पत्नी ने उसका बेटा यश नहीं होने की बात कही। पुलिस ने शव को पहचान के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया, लेकिन बच्चे की पहचान के लिए किसी के नहीं आने पर शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया।
मामले के जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि हांसी ब्रांच में मिले बच्चे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। उसमें बच्चे के सिर में चोट मारकर हत्या की गई और शव को नहर में फेंका गया है। बच्चे की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।