जींद में भाजपा नेता के व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल कर वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया है।
भाजपा नेता ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अक्तूबर की रात को करीब 10:30 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई।
जब उसने कॉल रिसीव की तो अज्ञात लड़की आपत्तिजनक हालत में थी। लड़की को इस हालत में दिखाई देते ही वह भयभीत हो गया और उसने तुरंत ही उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। बुधवार दोपहर बाद जब वह अपने कार्यालय में पहुंचे तो दूसरे नंबर से कॉल आई। जब फोन उठाया तो अज्ञात ने कहा कि उसका अश्लील वीडियो उनके पास हैं, अगर इस वीडियो को डिलीट करवाना है तो उनके खाते में एक लाख रुपये डाल दें।
यह भी पढ़ें : Rewari: पैसों के लेनदेन के विवाद में हत्या, निजी कंपनी के पेंटर को चाकू से गोदकर मार डाला
अगर एक लाख रुपये उनके खाते में नहीं भेजे तो इस वीडियो को वायरल करके बदनाम कर देंगे। इससे पहले भी उनके पास फोन करके अवैध वसूली का प्रयास किया गया है। उसने कहा कि यह कोई बड़ा गिरोह दिखाई दे रहा है, जो प्रतिष्ठित लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे अवैध वसूली का धंधा करते हैं।
भाजपा नेता की बुधवार शाम को शिकायत आई थी, उसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ 384 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच साइबर क्राइम थाना पुलिस को दे दी है।
- एएसआई दिनेश कुमार, जांच अधिकारी