गांव राजपुरा भैण के पास कार पेड़ से टकराने से कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया।
पुलिस के अनुसार गांव राजपुरा भैण निवासी बलकार (34) दिल्ली में अपना व्यवसाय चलाता था। वीरवार अल सुबह वह अपने साले गांव नांदल निवासी दिनेश के साथ कार में सवार होकर दिल्ली के लिए निकले थे। गांव से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे खड़े कैंटर को वाहनों की लाइट में देख नहीं पाए।
अचानक कैंटर से कार की टक्कर होते देख बलकार ने गाड़ी को बचाने का प्रयास किया। इसमें कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में बलकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी की पीछे की सीट पर बैठा उसका साला दिनेश घायल हो गया।
राहगीरों से सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। बलकार के चाचा रामकुमार ने बताया कि रात को वह घर से ठीकठाक निकला था, रास्ते में हादसा हो गया। सदर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।