व्यापारी के घर से 20 लाख के जेवर चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
पिल्लूखेड़ा। पिल्लूखेड़ा मंडी में एक व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात की सूचना के बाद पिल्लूखेड़ा पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाएं। चोरी की सूचना के बाद पिल्लूखेड़ा मंडी के व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष बना हुआ है। सभी व्यापारियों ने पिल्लूखेड़ा थाने पहुंचकर चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस ने व्यापारियों को चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
पिल्लूखेड़ा मंडी में स्पेयर पार्ट्स का व्यापार करने वाले पवन गर्ग उर्फ पप्पा ने पिल्लूखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ 28 फरवरी की रात को मुरथल में अपने भतीजे की शादी में गया हुआ था। इस बीच चोरों ने पड़ोसी की दीवार फांदकर घर में घुसे और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखा 40 तोले सोना, जिसमें आठ अंगूठी, चार सोने की चेन, एक सोने का कड़ा, एक डायमंड की अंगूठी और दो किलो चांदी के जेवरात के अलावा 30 हजार रुपये चोरी कर लिए। पवन ने बताया कि चोर पहले पड़ोसी की दीवार फांदकर उसके मकान के ऊपर के कमरे का ताला तोड़ते हैं फिर नीचे आकर अलमारी का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम देते हैं। पिल्लूखेड़ा पुलिस वारदात की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस चोरों की तलाश की जा रही है।