पिस्तौल दिखाकर तीन युवकों ने छीनी मोटरसाइकिल और मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सेक्टर-6 के पास रेलवे रोड पटियाला चौक निवासी युवक से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर एक युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल छीन ली। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रेलवे रोड पटियाला चौक निवासी 18 वर्षीय रितिक ने कहा कि शाम को लगभग चार बजे वह सेक्टर-6 की तरफ अपने किसी कार्य से मोटरसाइकिल पर गया था। सेक्टर-6 के बाहरी तरफ उसकी बाइक के आगे एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक रुके। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल दिखाते हुए उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल छीन ली और फरार हो गए। बाद में रितिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला। पुलिस ने रितिक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।