अमर उजाला ब्यूरो
जींद। राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से 27 मोबाइल फोन मिले हैं। तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों के चौथे साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि तीनों युवक बेरोजगार हैं और शौक पूरे करने के लिए मोबाइल छीनते थे।
डीएसपी धर्मवीर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भिवानी रोड रेलवे फाटक के पास तीन युवक चोरी के मोबाइल्स को बचने की फिराक में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवकों से पूछताछ की तो उनके पास से चोरी के दो मोबाइल मिले। पूछताछ करने पर युवकों के पास से 25 अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुए। सभी मोबाइल पिछले आठ महीने में जींद शहर से ही छीने गए हैं। इसके बाद पुलिस ने छह मामलों को सुलझा लिया है। वहीं अन्य छीने गए मोबाइल फोन के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपियों की पहचान रामगढ़ गांव निवासी परमजीत उर्फ बंटी, गांव बीड़वाली ढाणी निवासी अमित उर्फ पलादा उर्फ मास व विरेंद्र उर्फ बिंद्र के रूप में हुई है।
शाम के समय लोगों को बनाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार परमजीत अपने दोनों साथियों के शाम के समय बाइक पर निकलता था और रास्ते में मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए लोगों को अपना शिकार बनाते थे। यह युवक घात लगाकर बात कर रहे व्यक्ति के मोबाइल फोन पर झपट्टा मारकर फरार हो जाते। पुलिस को चकमा देने के लिए दो युवक घटना के बाद बाइक से उतर जाते थे। इससे पुलिस बाइक सवार तीन युवकों को ढूंढती रहती और बाइक पर सिर्फ एक ही युवक रह जाता।
मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर धरे गए अपराधी
पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच है और मोबाइल फोन छीनकर कई बार अपने जानकारों को भी दे देते थे। ऐसे ही एक फोन का प्रयोग होने पर पुलिस के पास कई दिन पहले ही इनके नाम आ चुके थे। इसके बाद पुलिस ने अपने खबरियों को काम पर लगा दिया। इस पर सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों को धर दबोचा।
लाखों रुपये के हैं छीने गए मोबाइल
पुलिस के अनुसार छीने गए 27 मोबाइल फोन की कीमत लाखों रुपये है। युवक आसपास में ही लोगों को फोन बेच देते थे, लेकिन अब यह फोन दिल्ली में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर लिया।
एक सप्ताह में हुईं चार घटनाएं
शहर में मोबाइल फोन छीनने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले एक सप्ताह में मोबाइल फोन छीनने की चार घटनाएं हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस पर काबू दबाव था और अब पुलिस ने इस गिरोह को काबू कर लिया है। डीएसपी धर्मवीर के अनुसार अब पुलिस यह भी खंगालेगी कि कहीं आरोपी छीने हुए मोबाइल फोन से किसी बड़ी घटना में शामिल तो नहीं रहे।