एटीएम कार्ड बदलकर निकाले 2.40 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव जलालपुर खुर्द निवासी जयभगवान का किसी अज्ञात युवक ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से दो लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने जयभगवान की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में जयभगवान ने कहा कि वह किसी कार्य से रोहतक रोड पर आया हुआ था। जरूरत पड़ने पर वह बैंक के एटीएम के केबिन में राशि निकलवाने चला गया। उसने 25 हजार रुपये निकलवा लिए। केबिन में मौजूद एक युवक ने उसे बातों में उलझा कर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। जब वह घर लौटा तो उसके फोन पर उसके खाते से पैसे निकलने का मैसेज आया। इसके बाद कुछ राशिदूसरे के खाते में ट्रांसफर करने का मैसेज आया। जब वह बैंक में पहुंचा उसे पता चला कि उसके खाते से कुल दो लाख 40 हजार रुपये गायब हैं। पुलिस ने जयभगवान की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।