युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
बैंड मार्केट के पास स्थित कुम्हारन मोहल्ला में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में बंद मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले दो दिन से घर पर अकेला रह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार कुम्हारन मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय अमन उर्फ नानू दो दिन से घर पर अकेला था। उसकी पत्नी कुसुम 27 नवंबर को अपने मायके बामला गई थी। जहां पर पहुंचने पर उसने फोन किया तो अमन ने फोन नहीं उठाया। जब दो दिन तक अमन ने फोन नहीं उठाया तो उसकी पत्नी वापस घर पर आई, लेकिन मकान के दरवाजे अंदर से बंद थे। जब आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। बाद में पड़ोसियों की सहायता से मकान के दरवाजे तोड़कर देखा तो अमन अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। अमन द्वारा फांसी लगाने की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। कुसुम ने बताया कि वह मायका जाने से पहले अमन को ठीक छोड़कर गई थी। उसने आत्महत्या क्यों की इसका उसे पता नहीं है। पुलिस ने कुसुम के बयान दर्ज कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि बंद मकान में शव फांसी पर लटका हुआ मिला है। परिजनों ने किसी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाए हैं।