जींद। गांव कलौदा खुर्द में एक पत्नी ने बेलन के साथ अपने पति की पिटाई कर दी और जबरदस्ती उसके मुंह में जहर डाल दिया। पति को गंभीर हालत में नरवाना के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने महिला को जेल भेजने के निर्देश दिए।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को दी शिकायत में कलौदा खुर्द निवासी 28 वर्षीय संजीव ने कहा कि उसकी साढ़े पांच साल पहले हांसी निवासी कांता के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में अनबन रहती थी। इसके बाद दोनों ने काफी समय अलग रह रहे थे। अब अदालत की सहमति से दोनों गांव कलौदा खुर्द में ही रहते थे। पुलिस को संजीव ने बताया कि उसकी 18 अप्रैल को मामूली सी बात को लेकर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद उसकी पत्नी कांता ने बेलन के साथ उसकी जमकर पिटाई कर डाली और जबरदस्ती उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया। मारपीट में उसकी टांग भी टूट गई। इसके बाद अन्य लोगों ने उसे नरवाना के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी कांता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया है। शनिवार को कांता को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेजने के निर्देश दिए। - कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी।