जींद। नरवाना शहर थाना के अंतर्गत आने वाली एक कॉलोनी के घर में घुसकर एक युवक ने एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसे जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करवाकर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस को दी शिकायत में एक 17 वर्षीय किशोरी ने कहा कि 18 अप्रैल को वह घर पर अकेली थी। उसके परिवार के लोग शहर में ही किसी शादी कार्यक्रम में गए हुए थे। रात को लगभग साढ़े आठ बजे पंजाब के पनेशर निवासी आकाश जबरदस्ती उसके घर में घुस आया। जब किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी उसे बाथरूम में ले गया और उसे साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। किशोरी ने कहा कि आकाश ने उसे जातिसूचक गालियां देते हुए यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। देर रात को जब किशोरी के परिजन घर पहुंचे तो उसने सारी बात अपने परिजनों को बताई। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करवाकर आरोपी आकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर पंजाब के आकाश के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
- जगत सिंह, डीएसपी।